भारत जोड़ो यात्रा में माणक के साथ शामिल होंगे कांग्रेस नेता

Post by: Rohit Nage

इटारसी। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा देश भर में निकाली जा रही भारत जोड़ो यात्रा इस समय मध्यप्रदेश में चल रही है। मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस के पूर्व प्रवक्ता और दिग्गज नेता माणक अग्रवाल के नेतृत्व में स्थानीय कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होंगे।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता शिवाकांत गुड्डन पांडेय ने जानकारी देते हुए बताया कि मंगलवार 29 नवंबर को माणक अग्रवाल के साथ सुबह करीब 6 बजे सावेर में भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होंगे। साथ ही करीब 20 किलोमीटर तक यात्रा में पैदल चलकर उज्जैन तक का सफर तय करेंगे। इस दौरान उनके साथ कांग्रेस नेता ओमप्रकाश सेन, मुकेश गांधी, मुकेश प्रधान बाबा भी मौजूद रहेंगे। पांडेय ने बताया कि श्री अग्रवाल के नेतृत्व में हम सभी राहुल गांधी से मुलाकात कर उन्हें भारत जोड़ो यात्रा के सफल होने की शुभकामनाएं देंगे साथ ही देश प्रदेश में कांग्रेस को मजबूत करने के लिए प्रयास भी करेंगे।

Leave a Comment

error: Content is protected !!