---Advertisement---
Learn Tally Prime

वसंत पंचमी पर यादव समाज के 11 जोड़े परिणय बंधन में बंधे

By
On:
Follow Us

इटारसी। वसंत पंचमी की मांगलिक तिथि पर आज 2 फरवरी को श्रीकृष्ण यादव समाज कल्याण समिति द्वारा सर्व यादव समाज का नि:शुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन श्रीयादव भवन परिसर सूरजगंज में हुआ जिसमें यादव समाज के 11 नवयुगल जोड़े हिंदू रीति रिवाज के मुताबिक विधि-विधान से शादी के बंधन में बंधे और दांपत्य जीवन में प्रवेश किया।

श्रीकृष्ण विवाह महोत्सव के पावन पर्व पर रविवार को सुबह वसंत उत्सव धूमधाम से मनाया। अतिथियों ने श्रीकृष्ण यदुवंशम स्मारिका के 14 वें अंक का विमोचन किया। युवक-युवती का परिचय मंच से दिया। इस दौरान प्रतिभावान विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया। इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष आरके यादव, संरक्षक फूलचंद यादव, डॉ. वीके सीरिया, अशोक यादव, सामूहिक विवाह समिति के अध्यक्ष मुकेश यादव, विमल सीरिया, किशोर सीरिया, ओपी यादव, राजकुमार यादव, डॉ. मनोज यादव, श्रीराम यादव, प्रवीण यादव, मधुसूदन यादव, मुकेश यादव सहित महिला मंडल से सोना यादव, उमा यादव, मीरा यादव, शोभा यादव, कृष्णा यादव, धर्मिशा यादव सहित सैकड़ों की संख्या में उपस्थित यदुजन विवाह समारोह के साक्षी बने।

वधु पक्ष की हुई समस्त रस्में

विवाह के लिए आई समस्त कन्याओं को समिति द्वारा गौरी पूजन के लिए न्यास कालोनी स्थित मां दुर्गा के मंदिर बैंड बाजों के साथ ले जाया गया। मंदिर में सभी ने सामूहिक रूप से माता पूजन की। माता पूजन के बाद श्रीयादव भवन पर हल्दी, मेहंदी, फलदान सहित अनेक रस्में संपन्न कराई गई। इसमें सबसे खास बात यह रही कि समिति द्वारा समस्त नेग दिए गए। इसमें वर-वधु पक्ष से कोई राशि नहीं ली गई।

डीजे की धुन पर जमकर थिरके बाराती

श्री द्वारिकाधीश बड़ा मंदिर में पूजन-अर्चन के बाद शहर सहित दूरदराज के अनेक क्षेत्रों से आए सभी 11 दूल्हे राजाओं को बग्गी में सवार कर बारात गाजे-बाजे के साथ निकाली गई, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए विवाह स्थल श्री यादव भवन पहुंची। बारात में डीजे बैंड बाजों की धुन पर बाराती जमकर नृत्य करते हुए चल रहे थे। बारातियों ने जमकर आतिशबाजी भी की। बारात का विभिन्न सामाजिक संगठनों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।

घर-गृहस्थी का दिया सामान

यादव भवन पहुंची बारात की पुष्प वर्षा कर परंपरा अनुसार अगवानी की गई। इसके बाद विवाह कार्यक्रम की शुरूआत की गई, जिसमें विद्वान ब्राह्मणों ने रीति रिवाज के मुताबिक सभी 11 जोड़ों को सात फेरे व कन्यादान की रस्म कराते हुए और एक-दूसरे का जिंदगी भर साथ निभाने का वचन दिलाते हुए वैवाहिक संस्कार संपन्न कराया। दांपत्य जीवन में प्रवेश करने वाले 11 नवयुगल जोड़ों को समिति सदस्यों की तरफ से घर-गृहस्थी में उपयोग आने वाले सामान को उपहार स्वरूप दिया गया। इस दौरान श्रीकृष्ण यादव समाज कल्याण समिति द्वारा बारातियों एवं घरातियों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई।

अब तक परिणय बंधन में बंधे 111 जोड़े

समिति के अध्यक्ष आरके यादव ने कहा कि सामूहिक विवाह मात्र एक आयोजन नहीं हैं, बल्कि किसी कमजोर, जरूरतमंद या असहाय परिवार की कन्या का विवाह कराने से बढ़कर कोई अन्य पुनीत कार्य नहीं है। सामूहिक विवाह से समय की बर्बादी, दान-दहेज और फिजूलखर्ची जैसी कुरीतियों को दूर किया जा सकता है। श्रीकृष्ण यादव समाज कल्याण समिति श्रीकृष्ण विवाह महोत्सव (रुक्मणी मंगल) के पावन पर्व पर बसंत पंचमी तिथि को वर्ष 2013 से सर्व यादव समाज के नि:शुल्क सामूहिक विवाह कार्यक्रम कर रही है। इस बार 13वें वर्ष में 11 नवयुगल जोड़ों विवाह के पवित्र बंधन में बंधे। समिति अब तक 111 जोड़े के विवाह करा चुकी है।

Rohit Nage

Rohit Nage has 30 years' experience in the field of journalism. He has vast experience of writing articles, news story, sports news, political news.

For Feedback - info[@]narmadanchal.com
Join Our WhatsApp Channel
Advertisement
Royal Trinity
error: Content is protected !!