जबलपुर के युवक पर इटारसी में चाकू से हमला, रुपए भी लूटे

Post by: Rohit Nage

इटारसी। जबलपुर निवासी एक युवक पर इटारसी के बंगलिया क्षेत्र में दो युवकों ने चाकू से हमला कर उसके पास रखे रुपए छीन लिए। युवक किसी कार्य से बंगलिया गया था। चाकू लगने के बाद वह घायल अवस्था में ही रेलवे स्टेशन पहुंच गया। उसे प्लेटफार्म से जीआरपी ने उठाकर अस्पताल में भर्ती कराया है। चूंकि घटना सिटी थाना क्षेत्र की है, अत: आगे की जांच सिटी पुलिस करेगी।

घायल युवक रोहित यादव 30 वर्ष के अनुसार उसे बंगलिया में रास्ते में रोककर गोलू और जित्तू ने छूरे से हमला कर दिया। उसके पैर में दो से तीन बार छूरे से वार किया है। घटना लगभग चार बजे की बतायी जा रही है। बताया जा रहा है कि वह किसी ट्रेन से इटारसी आया था। वह बंगलिया में किसी से मिलने जा रहा था, उसी दौरान बंगलिया क्षेत्र स्थित मंदिर के पास दोनों आरोपियों ने उसे रोक लिया। दोनों आरोपियों ने गाली गलौज करते हुए पैर पर छुरा मारकर उसे घायल कर दिया।

आरोपियों ने उसके पास रखे रुपए भी लूट लिए। घटना के बाद खून से लथपथ घायल किसी तरह रेलवे प्लेटफार्म एक पर पहुंच गया। जहां से वह ट्रेन पकड़कर जबलपुर जाना चाहता था। लेकिन इसकी जानकारी जब जीआरपी को हुई तब जीआरपी ने उसे उपचार के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाया। हालांकि मामला सिटी थाने का होने के कारण जीआरपी उसे अस्पताल में छोड़कर चली गई। वारदात बंगलिया क्षेत्र की है। वहीं दोनों बदमाश अवैध वेंडर बताए जा रहे हैं। फिलहाल सिटी पुलिस द्वारा इस मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Comment

error: Content is protected !!