जानिये, कैसा होगा मध्यप्रदेश का पचमढ़ी उत्सव, नववर्ष मनाने आने को मजबूर हो जाएंगे आप

75 घंटे सतपुड़ा की रानी पचमढ़ी में सैलानी, सेहत, स्वाद और मनोरंजन से होंगे सराबोर

आर्मी बैंड की प्रस्तुति से सतपुड़ा की रानी पचमढ़ी में होगा नवरंग का आगाज

नर्मदापुरम। प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण सतपुड़ा की रानी पचमढ़ी में 29 दिसंबर से लेकर 1 दिसंबर तक सेहत, स्वाद और मनोरंजन के लिए जिला प्रशासन के द्वारा विशेष कार्यक्रमों की श्रृंखला तैयार की गई है, जिससे देश के माने हुए पर्यटक स्थल पर नव वर्ष मनाने आए हुए सैलानियों को सुखद अनुभव मिल सके। वे यहां के यादगार पलों को संजोकर लेकर जाएं।

पचमढ़ी में सैलानियों के आने का सिलसिला शुरू हो चुका है। नव वर्ष मनाने के लिए यहां पर देश विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए कलेक्टर नीरज कुमार सिंह के मार्गदर्शन में प्रशासन के अधिकारियों और ईवेंटस की टीम के द्वारा पिछले सप्ताह से ही तैयारियां तेज कर दी थी।

नवरंग में समाहित हैं विविध रंग

कार्यक्रमों की श्रृंखला में 29 दिसंबर से 1 जनवरी तक 75 घंटे नॉनस्टॉप इवेंट्स होंगे। प्रत्येक इवेंट्स की रजिस्ट्रेशन सहित अन्य आवश्यक तैयारियां पूर्णता की ओर है। सभी डाटा सतपुड़ा टूरिस्ट ऐप में फीड हो रहे हैं। पचमढ़ी के सभी होटल्स में इन इवेंट्स के ब्रोशर्स भी रखे गए हैं। कार्यक्रम 29 को सायं 4 बजे से शुरू हो जाएंगे। टूरिज्म हॉट बाजार पचमढ़ी से किया जाएगा। जिसमें आर्मी बैंड की प्रस्तुति एवं अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति होगी। इसी के साथ 75 घंटे नॉनस्टॉप इवेंट्स का सिलसिला भी शुरू हो जाएगा जो 1 जनवरी की शाम 7 बजे तक चलेगा।

जैविक व्यंजनों का जायका

सैलानियों के लिए फूड फेस्टिवल में जैविक उत्पादों से बने व्यंजनों का जायके की भी तैयारी हो चुकी है। स्थानीय फूड विक्रेताओं के साथ बाहर से आए वेंडर्स भी हिस्सा ले रहे हैं। तीनों दिन पचमढ़ी स्थित हाट बाजार में स्टॉल लगे रहेंगे जिससे कि पर्यटक अपनी मन पंसद व्यंजनों का आनंद ले सकें। यह व्यंजन प्लेट में नहीं बल्कि पत्ते में परोसे जाएंगे।

सुबह मिलेगा योग का आनंद

प्रदेश की सर्वोच्च चोटी धूपगढ़ पॉइंट पर तीनों दिन आयुष विभाग के माध्यम से सुबह 6.30 बजे से योगा गतिविधियां का आयोजन किया जाएगा। धूपगढ़ पर मिलेट्स कैफे का भी संचालन किया जाएगा जिसमें सर्द हवाओं के बीच पर्यटक गरमा-गरम कोदो की खीर, ज्वार के हलवा, आलू बड़ा आदि का लुफ्त उठाया जा सकेगा।

स्टार गैजिंग

इसी प्रकार 29 दिसंबर से प्रति रात्रि 9 बजे से सुबह 6 बजे तक स्टारगेजिंग का इवेंट हाई स्कूल ग्राउंड, पचमढ़ी में किया जाएगा। नोडल स्टारगेजिंग इवेंट एवं जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि आर्यभट्ट फाउंडेशन भोपाल द्वारा यह इवेंट कराया जाएगा। स्टार गेजिंग इवेंट के लिए स्थानीय इच्छुक युवाओं को प्रशिक्षण भी दिया गया है। ताकि पचमढ़ी में यह इवेंट रेगुलर एक्टिविटी के रूप हो सके और युवाओं को इस क्षेत्र में रोजगार भी प्राप्त हो सके इस पर प्रशासन ने फोकस किया है।

बर्ड वाचिंग और उद्यानिकी ट्रेल

नवरंग के तहत ही प्रतिदिन पोलो गार्डन पचमढ़ी में बर्ड वाचिंग और उद्यानिकी ट्रेल की एक्टिविटी भी की जाएगी। जिसमें पक्षी और वनस्पति विशेषज्ञ पर्यटकों को जानकारी देंगे। यह एक्टिविटी सतपुड़ा टाइगर रिजर्व द्वारा आयोजित की जाएगी।

नेचर वॉक और पचमढ़ी रन

सुबह 7 से 9 बजे तक प्रतिदिन नेचर वॉक की गतिविधि वृंदावन, जटाशंकर के पास आयोजित की जाएगी जिसमें वनस्पति विशेषज्ञ एवं एसटीआर के अमले द्वारा पर्यटकों को विभिन्न प्रकार के वनस्पतियों का अवलोकन कराया जाएगा। पचमढ़ी रन का आयोजन सुबह 6 बजे से 9 बजे तक किया जाएगा जिसमें 15 वर्ष से अधिक आयु के सभी इच्छुक भाग ले सकेंगे।

टेंपल दर्शन और हेरिटेज वॉक

पचमढ़ी प्राकृतिक स्थल के साथ प्रसिद्ध धार्मिक स्थल भी है इसे ध्यान में रखते हुए पर्यटकों को पचमढ़ी के सुप्रसिद्ध मंदिर और ऐतिहासिक इमारतों का भी भ्रमण कराया जाएगा। जिसमें उन्हें मंदिरों एवं इमारतों से जुड़ी विशेषताओं और उनके महत्व के बारे में बताया जाएगा। मंदिरों में प्रमुख रूप से अंबा माई बड़ा महादेव गुप्त महादेव आदि मंदिरों के मंदिरों के दर्शन कराए जायेंगे। इसी प्रकार हेरिटेज वॉक में प्रोटेस्टेंट चर्च, राज भवन, बायसन लॉज आदि ऐतिहासिक इमारतों का भ्रमण कराया जाएगा।

पर्यटन संबंधी अन्य गतिविधियां

  • प्रमुख गतिविधियों में एक 29 दिसंबर से 1 दिसंबर तक पचमढ़ी गोल्फ टूर्नामेंट का आयोजन भी किया जाएगा।
  • 30 दिसंबर को शाम 7 बजे से 10 बजे तक कराओके नाइट इवेंट का आयोजन झंडा चौक पर होगा।
  • 31 दिसंबर को शाम 6 बजे से रात्रि 12 बजे तक न्यू ईयर सेलिब्रेशन में सिंगिंग, पॉपुलर म्यूजिक, डांस इवेंट होंगे।
  • आयोजन स्थल पर एलईडी स्क्रीन में कार्यक्रम की जानकारियों के साथ न्यू ईयर काउंटडाउन दिखाई देगा।
  • सूर्य नमस्कार पॉइंट पर प्रतिदिन सुबह 7 बजे से जुंबा डांस का इवेंट होगा
  • पचमढ़ी फिल्म फेस्टिवल के तहत लाइट एंड शो के पश्चात प्रतिदिन फिल्म भी दिखाई जाएगी।
  • -अंबा माई पर सतपुड़ा टाइगर रिजर्व द्वारा रॉक आर्ट ट्रेल का इवेंट कराया जायेगा।
  • पर्यटक ट्रैकिंग और नाइट कैंपिंग का भी अनुभव ले सकेंगे।
Royal
CATEGORIES
Share This

AUTHORRohit

error: Content is protected !!