दीवाली पर भी नहीं मिली तनख्वाह, सफाई कर्मचारियों ने की हड़ताल, सफाई व्यवस्था चौपट

दीवाली पर भी नहीं मिली तनख्वाह, सफाई कर्मचारियों ने की हड़ताल, सफाई व्यवस्था चौपट

इटारसी। रेलवे स्टेशन पर कार्यरत सफाई कर्मचारियों को दीपावली जैसे महत्वपूर्ण पर्व पर भी वेतन नहीं मिलने से उन्होंने हड़ताल कर दी जिससे सफाई व्यवस्था चौपट हो गयी। रेलवे स्टेशन पर रवि सिक्योरिटी कंपनी के माध्यम से रेलवे के लिए कार्यरत सफाईकर्मियों को वेतन नहीं मिलने से कर्मचारियों ने नाराजी जताते हुए अधिकारियों को शिकायत की।

कर्मचारियों का कहना था कि हमारी समस्या पर स्टेशन प्रबंधन, ठेकेदार और स्वच्छता निरीक्षक किसी ने ध्यान नहीं दिया। दीपावली जैसे बड़े त्योहार के वक्त हमारे हाथ खाली हैं, हर माह वेतन की समस्या आ रही है। कंपनी समय पर हमारी मेहनत का पैसा नहीं दे रही है। इस साल दीवाली के मुख्य त्योहार पर भी स्टेशन पर कार्यरत सफाई कर्मचारी वेतन को मोहताज हैं। इन कर्मचारियों को रवि सिक्योरिटिज नाम की कंपनी ने ठेका लेकर सफाई काम में लगाया है।

करीब एक सैकड़ा कर्मचारी इस ठेका व्यवस्था के तहत सफाई काम से जुड़े हैं, लेकिन पिछले ढाई महीनों से इनको वेतन नहीं मिल रहा है। कर्मचारियों को आस थी कि दीवाली पर तीन माह का वेतन मिल जाएगा, लेकिन शुक्रवार को भी वेतन नहीं दिया गया। महिला कर्मचारियों ने बताया कि दो दिन का त्योहार है, लेकिन रुपये न होने के कारण हम कैसे खुशियों भरा त्यौहार मनाएंगे। हमारी चिंता रेलवे अधिकारियों को ही नहीं है। ठेकेदार और रेलवे के भुगतान विवाद में हमारा नुकसान हो रहा है। शुक्रवार को वेतन न मिलने से नाराज कर्मचारियों ने जंक्शन की सफाई नहीं की, इस वजह से जगह-जगह कचरे के ढेर नजर आए, इससे यात्रियों को भी समस्याओं का सामना करना पड़ा।

Royal
CATEGORIES
Share This

AUTHORRohit

error: Content is protected !!