- सिवनी मालवा में 97.07 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं 102.94 करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन
नर्मदापुरम। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि नर्मदापुरम जिले की भूमि उपजाऊ एवं समृद्ध है, यहां कृषि आधारित उद्योग लगानें के लिए शासन कृत संकप्लित है। नर्मदापुरम जिले के विकास में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी जाएगी। नर्मदापुरम में रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव आयोजित कर निवेश को प्रोत्साहित किया है। आने वाले समय में नर्मदापुरम जिला एक औद्योगिक विकसित जिला बनेगा। मुख्यमंत्री ने गुरूवार को सिवनी मालवा में 97.07 करोड़ के 31 कार्यों का लोकार्पण एवं 102.94 करोड के 48 कार्यों का भूमिपूजन किया।
मुख्यमंत्री ने सिवनी मालवा में खेल स्टेडियम बनाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि नर्मदपुरम जिला ऐतिहासिक एवं धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। देश की पहचान कृषि से होती है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किसानों, युवाओं, महिलाओं एवं श्रमिक सभी वर्ग के लिए योजनाऐं बनाई है। मध्यप्रदेश शासन भी गरीब वर्गों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश शासन ने इस बार 2600 रुपए प्रति क्विंटल के मान से किसानों से गेहूं खरीदा है। आने वाले समय में हम 05 लाख के सोलर पंप पर 90 प्रतिशत राशि का अनुदान देंगे। सोलर पंप में जो मीटर लगेगा उससे किसानों को फ्री में बिजली मिलेगी और आने वाले समय में सरकार किसानों से बिजल खरीदेगी भी। 26 मई को नरसिंहपुर जिले में तीन दिनी किसान उद्योग समागम मेले का आयोजन होगा। इस मेले में अत्याधुनिक कृषि यंत्रों का प्रदर्शन किया जाएगा। रीवा सतना और चंबल में भी ऐसे ही मेले आयोजित किये जाऐंगे।
शासन ने हर खेत में सिंचाई हेतु पानी पहुचाने का संकल्प लिया है। प्रदेश सरकार खिलाडिय़ों को प्रोत्साहित करने में कोई कोर कसर नहीं छोड रही है। नर्मदापुरम जिले के हॉकी खिलाड़ी विवेक सागर को ओलंपिक में देश का प्रतिनिधित्व करने पर 01 करोड़ की प्रोत्साहन राशि दी गई थी। युवा वर्गों को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष 01 लाख सरकारी पदों पर भर्तियां की जाएगी। आगामी 05 वर्षों में 2.50 लाख सरकारी पद भरे जाऐंगे। विगत 15 वर्षों में इस वर्ष 10 वी एवं 12वी की बोर्ड परीक्षा का रिजल्ट सबसे बेहतर आया है। इस वर्ष सरकारी स्कूल के बच्चों ने प्रावीण्य सूची में स्थान बनाया है।
किसानों की आय बढ़ाने के लिए गौपालक योजना प्रारंभ की जाएगी। जो किसान 200 गिर गाय खरीदेंगे उन्हें 25 प्रतिशत तक की अनुदान राशि की छूट दी जाएगी। किसानों से दूध खरीदा जाएगा। अब राज्य परिवहन निगम की बसें गांव गांव तक जाएंगी। सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने वाले को 25 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। गरीब आयुष्मान कार्ड धारी गंभीर मरीजों को चिकित्सालय पहुंचाने के लिए एयर एंबुलेंस सेवा शुरु की है। चित्रकूट को अयोध्या की तरह ही भव्य बनाया जाएगा और जहां जहां भगवान श्री राम के चरण पड़े हैं उन मार्गों पर तीर्थ स्थान बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को प्रमाण पत्र एवं उपकरण वितरित किये।
किसान मोर्चा ने एक बड़ी माला के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत किया और महाकाल का चित्र एवं हल भेंट किया। सिवनी मालवा विधायक प्रेमशंकर वर्मा ने आंवली घाट से लगे 40 गांव में सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने, भीलट देव एवं आंवली घाट का सौंदर्यीकरण करने, शिवपुर में महाविद्यालय की स्थापना करने तथा डोलरिया के महाविद्यालय में विज्ञान एवं कॉमर्स का कोर्स प्रारंभ कराने तथा सिवनी मालवा में उद्योग स्थापित करने की मांग की।
इस अवसर पर प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री एवं नर्मदापुरम जिले के प्रभारी मंत्री राकेश सिंह पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं नर्मदापुरम विधायक डॉ सीतासरन शर्मा, नरसिंहपुर – होशंगाबाद सांसद श्री दर्शन सिंह चौधरी, राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया, सोहागपुर विधायक विजयपाल सिंह, पिपरिया विधायक ठाकुरदास नागवंशी, पूर्व राज्यसभा सांसद सुरेश पचौरी, जनपद पंचायत अध्यक्ष सिवनी मालवा श्रीमती रेणुका मंडलोई, नगर पालिका अध्यक्ष रितेश रिंकू जैन, पूर्व विधायक ओम प्रकाश रघुवंशी, श्रीमती प्रीति पवन शुक्ला, माधवदास अग्रवाल, श्रीमती सीमा सिंह सहित बडी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।