अभी 29 नवंबर तक ऐसा ही रह सकता है मौसम का मिजाज

अभी 29 नवंबर तक ऐसा ही रह सकता है मौसम का मिजाज

इटारसी। इस बार मावठा थोड़ा जल्दी बरस गया। लेकिन, अभी दो दिन और ऐसे मौसम से राहत नहीं मिलने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार 29 नवंबर तक ऐसा ही मौसम रहने के आसार हैं, हालांकि सिस्टम थोड़ा कमजोर हो सकता है।

मध्यप्रदेश मौसम विभाग के वैज्ञानिक डॉ.वेदप्रकाश के अनुसार पश्चिम ईरान के पास सक्रिय विक्षोभ अब पूर्व दिशा की ओर बढ़कर मध्य पाकिस्तान के ऊपर आ गया है। अब सागर में ट्रफ कमजोर हुआ है, हालांकि पूर्वोत्तर अरब सागर में यह सक्रिय है। मध्यप्रदेश के उत्तरी भाग में बना चक्रवाती घेरा भी सक्रिय है। लेकिन, थोड़ा कमजोर हुआ है। फिलहाल जो मौसम है, उसका अगले दो से तीन दिन असर रहेगा।

सात जिलों में आरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने आगामी चौबीस घंटे में मध्यप्रदेश के सात जिलों में आरेंज अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के नर्मदापुरम, बैतूल, मंडला, छिंदवाड़ा, डिंडोरी दमोह और गुना में आरेंज अलर्ट है। यहां 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है और गरज-चमक के साथ हल्की ओलावृष्टि होने की भी संभावना है।

इन जिलों में यलो अलर्ट

मौसम विभाग ने भोपाल, रीवा, सागर, शहडोल संभाग में यलो अलर्ट जारी किया है। यहां हल्की बारिश हो सकती है। इसके अलावा शेष संभागों में मौसम शुष्क रहेगा या बूंदाबांदी हो सकती है।

अगले चौबीस घंटे ऐसे रहेंगे

अगले चौबीस घंटे बाद सिस्टम और कमजोर होगा तथा इंदौर और उज्जैन संभाग में वर्षा की गतिविधि कमजोर होगी जबकि जबलपुर, भोपाल और नर्मदापुरम में हल्की बारिश हो सकती है।

48 घंटे बाद फिर होगा बदलाव

अगले 48 घंटे बाद फिर एक बार मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार एक ओर विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना बन रही है जिससे फिर से वर्षा हो सकती है।

30 के बाद तापमान में कमी

फिलहाल 29 नवंबर तक तापमान में खास अंतर नहीं होगा। 30 नवंबर के बाद से दिन रात के तापमान में गिरावट और दिसंबर के पहले सप्ताह में ठंड अपना असर दिखाना प्रारंभ कर सकती है।

Royal
CATEGORIES
Share This

AUTHORRohit

error: Content is protected !!