नहीं हुई एस्ट्रो टर्फ की घोषणा, मायूस हुए हाकी खिलाडी

इटारसी। मप्र शासन की खेल एवं युवा कल्याण, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया ने आज यहां करीब 8 करोड़ की लागत से निर्मित श्रीमंत राजमाता विजया राजे सिंधिया खेल प्रशाल का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष कुशल पटेल, पूर्व विधायक एवं जिला भाजपा अध्यक्ष हरिशंकर जायसवाल, नगर पालिका परिषद इटारसी की अध्यक्ष श्रीमती सुधा राजेन्द्र अग्रवाल, मप्र खेल विकास प्राधिकरण के सदस्य पीयूष शर्मा थे। कार्यक्रम में भाजपा नेता, वरिष्ठ खिलाड़ी, युवा खिलाड़ी सहित गणमान्य नागरिक मौजूद थे।
खेल मंत्री श्रीमती सिंधिया के आगमन पर शहर के हाकी खिलाडियों को एस्ट्रो टर्फ मिलने की बडी उम्मीद थी। माना जा रहा था कि खेल मंत्री आज के कार्यक्रम में शहर को हाकी के लिए एस्ट्रो टर्फ देने कीर घोषणा कर सकती हैं। लेकिन अपने पूरे उदबोधन में खेल मंत्री श्रीमती सिंधिया ने एस्ट्रो टर्फ का जिक्र तक नहीं किया। इस स्थिति में शहर के हाकी खिलाडी मायूस हो गए। बाद में प्रेस ने भी उनसे शहर को एस्ट्रो टर्फ देने की बात कही। तो उन्होंने सिरे से खारिज करते हुए कहा कि जिले में एक एस्ट्रो टर्फ होशंगाबाद में दिया जा चुका है यहां देना संभव नहीं।
इस अवसर पर संबोधित करते हुए खेल मंत्री श्रीमती सिंधिया ने कहा कि हमारा स्वप्न है कि हमारे बच्चे चुनौतियों का सामना कर आसमान छुएं। उन्होंने एशियन गेम्स में सेलिंग में कांस्य पदक जीतने वाली हर्षिता तोमर एवं टीम इवेन्ट में सिल्वर मैडल जीतने वाली मुस्कान किरार, हॉकी टीम के विवेक सागर एवं एशियन खेलों में शामिल हुई आध्या तिवारी को रोल मॉडल बताते हुए कहा कि बच्चे इनसे प्रेरणा लेकर आगे बढ़ें। श्रीमती सिंधिया ने कहा कि हर्षिता तोमर ने जो कामयाबी हासिल की है वह अद्भुत है। हर्षिता होशंगाबाद की बेटी है इसका हम सबको गर्व है, इस बेटी ने पुरूषों के बीच एशियन खेलों में भाग लेकर कांस्य पदक जीता यह हमारे लिए बहुत बड़ी बात है। हर्षिता की कामयाबी का श्रेय उनके कोच जीएल यादव और हर्षिता के माता-पिता को जाता है जिन्होंने हमारे खेल विभाग पर भरोसा जताया। श्रीमती सिंधिया ने कहा कि मुस्कान किरार ने भी तीरंदाजी में टीम इवेंट में सिल्वर मैडल जीता इनकी कामयाबी का श्रेय इनके कोच रिछपाल को जाता है। आध्या तिवारी ने भी साफ्ट टेनिस में खेलते हुए क्वार्टर फाइनल तक पहुंची।

प्रदेश में अंतर्राष्ट्रीय स्तर की अकादमी
खेल मंत्री ने बताया कि पूरे प्रदेश में 17 खेल अकादमी संचालित की जा रही हैं। जहां अंतराष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण दिया जाता है। पूरे प्रदेश में हम 10 स्थानों पर पॉकेट बना रहे हैं जहां खेल प्रतिभाएं तैयार होंगी। इटारसी में बने खेल प्रशाल की सराहना करते हुए श्रीमती सिंधिया ने कहा कि म.प्र. विधानसभा के अध्यक्ष डॉ सीतासरन शर्मा के प्रयासों से यह खेल प्रशाल बना है। उन्होंने नगर वासियों से अपील की कि खेल प्रशाल का सम्मान करें। खेल प्रशाल में पानी की बोतल या अन्य प्रकार का कचरा ना डालें, खेल प्रशाल आपका है और इसे आपको ही संवारना है।

it16918 3
मैदान पर जल्द ही होगी घास
श्रीमती सिंधिया ने कहा कि इटारसी के खेल प्रशाल में जल्द ही फुटबाल एरिया में घास डाली जाएगी और इसे एक सेंटर के रूप में विकसित किया जाएगा। ऐसे 10 सेंटर और बनाए जाएंगे जहां लोगों का रूझान एवं गतिविधियां फुटबाल के लिए बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि यहां बनाए रनिंग ट्रेक को सिंथेटिक ट्रेक में बदला जाएगा, इसके लिए केन्द्र से मांग की है। साथ ही एक इंडोर हाल भी बनाया जाएगा जहां बालीवाल, बैडमिंटन की सुविधा रहेंगी। इसके अलावा प्रशाल की बायी साइड पर टेनिस, खो-खो, मलखंब आदि की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

मशाल प्रज्वलित कर किया शुभारंभ
खेल मंत्री श्रीमती सिंधिया ने खेल प्रशाल का लोकार्पण कर खेल परिसर का निरीक्षण किया तथा खेल मशाल जलाई। मशाल प्रज्वलि कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। श्रीमती सिंधिया ने एशिया खेलों के पदक विजेता खिलाडिय़ों मुस्कान किरार, हर्षिता तोमर एवं आध्या तिवारी का सम्मान किया। हॉकी खिलाड़ी विवेक सागर के पिता का भी सम्मान किया। जिला हॉकी संघ, जिला फुटबाल संघ, जिला क्रिकेट एसोसिएशन, जिला साफ्टबाल संघ, वरिष्ठ नागरिक मंच, केरम एसोसिएशन, बैडमिंटन एसोसिएशन एवं शिक्षक संघ ने श्रीमती सिंधिया का स्वागत किया।

एस्ट्रोटर्फ की आवश्यकता जतायी
मप्र तैराकी संघ के अध्यक्ष एवं खेल प्राधिकरण के सदस्य पीयूष शर्मा ने संबोधित करते हुए कहा कि गत 5 जुलाई 2016 को खेल मंत्री श्रीमती सिंधिया ने खेल प्रशाल का भूमि पूजन किया था। खेल प्रशाल 2 साल 2 महीने 10 दिन में बनकर तैयार हुआ है। मप्र खेल अकादमी के 5 खिलाड़ी एशियन खेल में गए और पदक लेकर आए। उन्होंने इटारसी में स्ट्रोटर्फ बनाए जाने की आवश्यकता बताई। नपाध्यक्ष श्रीमती सुधा राजेन्द्र अग्रवाल ने श्रीमंत राजमाता विजयाराजे सिंधिया खेल परिसर बनने पर जिले वासियों की ओर से आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर राज्य अंत्योदय समिति के सदस्य हरि शंकर जयसवाल ने भी संबोधित किया। खेल संचालक डॉ. एसएल थाउसेन ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज का दिन होशंगाबाद जिले के खेल कैलेंडर में ऐतिहासिक दिन के रूप में याद किया जाएगा, क्योंकि आज के दिन जिले को खेल परिसर की सौगात मिली। इस खेल परिसर में टेनिस, खोखो, मलखंब एवं बैडमिंटन की खेल सुविधा भी उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में इस खेल परिसर में 14-15 करोड़ की राशि खर्च करके इसे और भी बेहतर बनाया जाएगा ताकि यहां जिले की खेल प्रतिभा विकसित हो सकें। उन्होंने जिले वासियों से कहा कि वे खेल परिसर को पवित्र मानें और परिसर का सम्मान करें। खेल परिसर को ऐसे मेन्टेन करें कि यहां से अंतराष्ट्रीय खिलाड़ी तैयार हो सकें।
कार्यक्रम में जिला पंचायत के अध्यक्ष कुशल पटेल, श्रीमती माया नरोलिया, राजो मालवीय, कलेक्टर प्रियंका दास, पुलिस अधिक्षक अरविंद सक्सेना, के अलावा नगर भाजपा अध्यक्ष डॉ. नीरज जैन, नपा उपाध्यक्ष अरुण चौधरी, सुश्री राजो मालवीय, श्रीमती माया नारोलिया, विधायक प्रतिनिधि कल्पेश अग्रवाल, भारतीय जनता युवा मोर्चा के अध्यक्ष राहुल चौरे, जयकिशोर चौधरी, जिला हॉकी संघ के अध्यक्ष सुरेश दुबे, सीएमओ अक्षत बुंदेला सहित नगर पालिका के सभापति और पार्षद भी मौजूद थे।

Sai Krishna1

GOLD14918

CATEGORIES
Share This
error: Content is protected !!