आगामी 96 घंटे प्रदेश में विपरजॉय का असर, मानसून आने में 6-7 दिन बाकी

आगामी 96 घंटे प्रदेश में विपरजॉय का असर, मानसून आने में 6-7 दिन बाकी

मदन शर्मा, नर्मदापुरम। आषाढ़ माह में नौतपा जैसी गर्मी से परेशान लोगों को अब राहत मिलने वाली है। जिले में 20 जून से विपरजॉय चक्रवात (Cyclone Viparjoy) के कारण मौसम में परिवर्तन होगा और प्री मानसून (Pre Monsoon) की गतिविधि तेज होने का अलर्ट मौसम विभाग ने जारी किया है। हालांकि मानसून आने में अभी 6 से 7 का समय बाकी है।

वैसे तो जून माह एक पखवाड़ा निकल गया है और शहरवासियों को गर्मी से राहत नहीं है। सुबह 7 बजे से ही तेज धूप निकल रही है। रविवार को भी दिनभर चिलचिलाती गर्मी ने लोगों को परेशान किया, लेकिन रुक-रूककर चल रही हवाओं ने वातावरण को काफी ठंडक दी। इन दिनों तपिश भरी गर्मी में पंखा और कूलर भी बेअसर साबित हो रहे हैं। रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 1.9 डिग्री अधिक 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.6 डिग्री अधिक दर्ज होकर 28.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

मंगलवार से होंगी बारिश

मौसम विभाग ने चक्रवाती तूफान विपरजॉय के कारण मध्यप्रदेश (Madhya Pradesh) में मौसम परिवर्तन के संकेत दिए हैं। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण पश्चिम मानसून के कारण आगामी 96 घंटे तक प्रदेश में कई स्थानों पर हैवी रेन का अलर्ट (Heavy rain alert) जारी किया है। नर्मदापुरम (Narmadapuram) जिले में 20 जून को तेज हवाओं के साथ बारिश के आसार हैं। जिले में अब तक प्री-मानसून की दस्तक न होने से गर्मी अपना रौद्र रूप दिखा रही है। हालांकि खरीफ फसल के लिए खेतों को तैयार कर बारिश का इंतजार कर रहे किसानों के लिए मौसम विभाग ने खुशखबरी दी है कि मंगलवार से जिले में प्री-मानसूनी बारिश जमकर भीगो सकती है। इसके लिए मौसम केन्द्र ने अलर्ट भी जारी कर दिया है।

6 से 7 दिन बाद आएगा दक्षिण पश्चिमी मानसून

मौसम विशेषज्ञ वीरेंद्र यादव (Meteorologist Virendra Yadav) के अनुसार जिले में तूफान का असर मंगलवार से दिखाई दे सकता है। जिसके चलते हवाओं की गति के साथ ही बारिश होने के आसार हैं। इसे प्री-मानसून के रूप में भी देखा जा सकता है। वहीं 24-25 जून को दक्षिण पश्चिमी मानसून की दस्तक होने की संभावना है। वैसे तो साइक्लोन के प्रभाव के कारण प्रदेश में वर्षा होगी और पश्चिमी विक्षोभ के कारण जिले का मौसम बदल रहा है। इस दौरान गरज चमक के आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है और कुछ समय के लिए तेज बारिश भी हो सकती है।

Royal
CATEGORIES
Share This

AUTHORRohit

error: Content is protected !!