दीपावली के पूर्व दिया जाएगा शासकीय अधिकारी और कर्मचारियों को वेतन

दीपावली के पूर्व दिया जाएगा शासकीय अधिकारी और कर्मचारियों को वेतन

इटारसी। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों को अक्टूबर माह का वेतन दीपावली के पूर्व दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने दीपावली की बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमारे सभी कर्मचारी साथी परिवार सहित हर्षोल्लास के साथ दीपावली मनाएं, इसलिए उनका वेतन दीपावली से पहले देने का आदेश जारी किया जा रहा है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने ट्वीट कर यह जानकारी दी।
बता दें कि मध्यप्रदेश शासन वित्त विभाग ने भी इसके संबंध में निर्देश जारी कर दिये हैं। निर्देशों में कहा है कि माह अक्टूबर, 2022 के वेतन, मानदेय, पारिश्रमिक का भुगतान जो कि माह नवम्बर, 2022 में देय है, को दीपावली पर्व के दृष्टिगत 20 अक्टूबर, 2022 एवं पश्चातवर्ती तिथियों में किया जाये।

आउटसोर्स एजेंसी के लिए भी निर्देश

यह भी निर्णय लिया गया है कि आउटसोर्स एजेंसी को भी माह अक्टूबर, 2022, हेतु व्यवसायिक सेवाओं के लिये देय राशि का भुगतान भी 20 अक्टूबर, 2022 एवं पश्चातवर्ती तिथियों में किया जाये ताकि, वे आउटसोर्स कार्मिकों को पारिश्रमिक का भुगतान कर सकें। राज्य शासन के सार्वजनिक उपक्रम, स्थानीय निकाय, विश्वविद्यालय, स्वशासी निकायों आदि संस्थाओं को परामर्श है कि वे अपने संस्थानों की वित्तीय स्थिति को ध्यान में रखते हुये, उपरोक्तानुसार कार्यवाही पर विचार कर सकते हैं।

CATEGORIES
Share This

AUTHORRohit

error: Content is protected !!