61 वे वर्ष में 9 अप्रैल को मनेगा श्री रामजन्म महोत्सव समारोह

61 वे वर्ष में 9 अप्रैल को मनेगा श्री रामजन्म महोत्सव समारोह

  • -श्रीराम नवमी पर भव्य रूप से मनेगा रामलला का जन्म महोत्सव

इटारसी। समूचे नर्मदांचल सहित इटारसी की धार्मिक आस्था के प्रमुख केंद्र श्री द्वारिकाधीश बड़ा मंदिर में श्री रामजन्म महोत्सव समिति द्वारा चैत्र नवरात्रि में 9 अप्रैल से नौ दिवसीय श्री राम जन्म महोत्सव का भव्य आयोजन 61वें वर्ष में किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर समिति द्वारा विशेष तैयारियां की जा रही है। आयोजन की जानकारी रविवार देर शाम श्री द्वारिकाधीश बड़ा मंदिर परिसर में आयोजित बैठक के दौरान समिति पदाधिकारियों ने दी।

बैठक में तत्कालीन कार्यकारी अध्यक्ष जसवीर सिंह छाबड़ा के स्थान पर विपिन चांडक को सर्वसम्मति से कार्यकारी अध्यक्ष पद पर नियुक्त किया गया। जसवीर छाबड़ा को समिति में संरक्षक बनाया गया है। साथ ही आयोजन समिति में स्वागत अध्यक्ष जगदीश मालवीय को बनाया गया है।

बैठक में समिति के मुख्य संरक्षक विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा, संरक्षक प्रमोद पगारे, अध्यक्ष सतीश अग्रवाल सांवरिया, कार्यकारी अध्यक्ष विपिन चांडक, सचिव अशोक शर्मा, कोषाध्यक्ष प्रकाश मिश्रा, सह कोषाध्यक्ष अमित सेठ सहित पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में मुख्य संरक्षक विधायक डॉ सीतासरन शर्मा ने संबोधित करते हुए कहा कि 22 जनवरी को हमारे आराध्य प्रभु श्री राम अयोध्या में विराज रहे है यह हम सभी के लिए सौभाग्य की बात है। अब रामजन्म महोत्सव की जिम्मेदारी भी वरिष्ठो से युवा हाथो में आ गई है। विपिन चांडक को बधाई देते हुए डॉ शर्मा ने उन्हें नवीन जिम्मेदारी बखूबी निभाने के लिए शुभकामनाएं दी।

वही संरक्षक पत्रकार प्रमोद पगारे ने अपने उद्बोधन में कहा कि आने वाले वर्षो में भी उक्त आयोजन की जिम्मेदारी युवा कंधे ही संभालेंगे। शहर के धर्मिक एवं सामाजिक कार्यों में अग्रणी एवं आयोजन समिति के कार्यकारी अध्यक्ष विपिन चांडक ने बताया कि 61वें वर्ष में श्री राम जन्म महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। जिसके अंतर्गत 9 अप्रैल से 30 अप्रैल तक चित्रकूट से पधार रही साध्वी नीलम गायत्री देवी जी के मुखारविंद से प्रतिदिन शाम 7:00 बजे से रात्रि 10 बजे तक श्रीरामकथा का वाचन किया जाएगा। वहीं श्री रामचरित मानस के नव्हान पारायण के पाठ प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से श्री द्वारिकाधीश सत्संग भवन में होंगे।

बैठक में श्री राम जानकी द्वारिकाधीश मंदिर समिति के कार्यकारी अध्यक्ष उमेश अग्रवाल, गुलाबचंद अग्रवाल ने समिति की ओर से अध्यक्ष एवं विधायक डॉ शर्मा के छटवीं बार विधायक बनने पर शॉल श्रीफल देकर सम्मान किया। इस वर्ष श्री रामकथा आयोजन में सुरेंद्र ठाकुर (बबली) टेंट बैठक सहित अन्य व्यवस्थाओ में निशुल्क सहयोग देंगे। 17 अप्रैल को श्री रामनवमी के दिन की कथा सुबह 9 से दोपहर 12 तक होगी जिसके बाद प्रभु श्री राम का जन्म महोत्सव भगवान श्री द्वारकाधीश की प्रतिमा के सामने मनाया जाएगा।

इसी दिन सायंकाल प्रभु श्रीराम की विशाल शोभा यात्रा भी निकाली जाएगी। श्रीराम जन्म महोत्सव समिति के सचिव अशोक शर्मा, कोषाध्यक्ष प्रकाश मिश्रा ने धार्मिक बंधुओं को अधिक से अधिक संख्या में आयोजन में पहुंचकर आयोजन को सफल बनाने का अनुरोध किया है। कोषाध्यक्ष मिश्रा एवं सचिव शर्मा ने बीते वर्ष के आयोजन का आय व्यय का ब्यौरा बैठक में सभी के समक्ष रखा। मंदिर और शोभायात्रा मार्ग में होगी विशेष साजसज्जा उक्त आयोजन मां दुर्गा के आराधना के समय चैत्र नवरात्र में किया जा रहा है जिसके चलते आयोजन को लेकर पूरे बाजार को भगवा झंडियों से सजाया जाएगा। जगह-जगह तोरण द्वार बनाए जाएंगे। मंदिर में कथास्थल के अलावा पंडाल एवं रंग-बिरंगी रोशनी की जाएगी।

Royal
CATEGORIES
Share This

AUTHORRohit

error: Content is protected !!