दिग्गी से मिले संझले भैया, अवैध उत्खनन पर बोले राजा

इटारसी। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा है कि प्रदेश में अवैध रेत उत्खनन नया मुद्दा नहीं है। यहां के लोग जानते हैं कि बिना शासन और प्रशासन के वरदहस्त के अवैध उत्खनन नहीं हो सकता। उन्होंने पिछले दिनों गूजरवाड़ा में डंपर के नीचे कुचलकर हुई एक युवक की मौत पर कहा कि जिस खदान से उत्खनन करके डंपर आ रहे थे, वह छह माह से निलंबित है, लेकिन उसमें निरंतर अवैध उत्खनन हो रहा है। 20 हेक्टेयर में लीज दी थी, उत्खनन 4 सौ हेक्टेयर पर हो रहा था। उन्होंने कहा कि अवैध उत्खनन से भाजपाईयों ने इतना पैसा कमाया है कि वे अहंकार में डूब गए और निरंकुश हो गए। भाजपा नेता भ्रष्ट अधिकारियों, कर्मचारियों और ठेकेदार के साथ मिलकर लूट मचा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इस बार कांग्रेस पूरी दबंगता और दृढ़ता से चुनाव लड़ेगी। पूर्व में होशंगाबाद विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के मुकाबले कमजोर प्रत्याशी उतारने के सवाल पर उन्होंने कहा कि वे इससे सहमत नहीं हैं। उन्होंने कहा कि हार के कुछ कारण हो सकते हैं, इस बार दबंगता से चुनाव लड़ा जाएगा। सीएम का चेहरा कौन होगा, के सवाल पर उन्होंने कहा कि हमारे यहां संसदीय प्रणाली है, इसमें पार्टी चुनाव लड़ती है, व्यक्ति नहीं।
अपनी नर्मदा परिक्रमा के बाद पहली बार इटारसी आए पूर्व मुख्यमंत्री श्री सिंह ने कहा कि पुलिस भी अवैध उत्खनन में मिली हुई है। हमें घटना पर दुख है, लेकिन शासन और प्रशासन निरंकुश हो गया है। व्यापमं को एक बार फिर उठाते हुए वे बोले कि सीएम शिवराज सिंह चौहान की नाक के नीचे एक-एक सीट के लिए लाखों रुपए का सौदा हुआ है और मुख्यमंत्री कहते हैं कि उनको कुछ मालूम नहीं, उनके एक मंत्री इसमें जेल भी हो आए हैं। हाल ही में ई-टेंडरिंग में बहुत बड़ा स्कैम सामने आया है। इसी तरह से पोषण आहार में भी बड़ा स्कैम है और यह सब मुख्यमंत्री की शह और सहमति से हो रहा है। स्वयं के होशंगाबाद संसदीय सीट से चुनाव लडऩे के सवाल पर पूर्व मुख्यमंत्री ने सिरे से नकारते हुए कहा कि वे अतिक्रमण के पक्षधर नहीं हैं, चुनाव लडऩा ही है तो अपने क्षेत्र से ही लड़ेंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह नर्मदा परिक्रमा पूर्ण करने के बाद पहली बार इटारसी के दौरे पर आए हैं। यहां कांग्रेसियों ने पूर्व मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया। दिग्विजय सिंह कई वरिष्ठ कांग्रेसियों के घर भी गए। इटारसी में आधा दर्जन से अधिक कांग्रेसियों के घर पर उनका स्वागत कार्यक्रम रखा गया था। वे सभी पुराने कांग्रेसियों से मिलने पहुंचे थे। कांग्रेस नेता शिवाकांत पांडेय के निवास पर मीडिया ने उनसे बातचीत की। इसके बाद वे वार्ड 22 सरदार भगत सिंह नगर में पार्षद महेश आर्य द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए।

दिग्गी से मिले संझले भैया
होशंगाबाद विधानसभा के पूर्व विधायक पं.गिरिजाशंकर शर्मा ने भी पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह से मुलाकात की। कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष जसपाल सिंघ पाली भाटिया के निवास पर रात 9 बजे से दिग्विजय सिंह का डिनर कार्यक्रम था। इस दौरान प्रेस कांन्फ्रेंस का आयोजन भी किया था। इसी बीच फिर कांग्रेस के मंच पर पूर्व विधायक पं.गिरिजाशंकर शर्मा दिखे। श्री शर्मा पहले भी कांग्रेस के कई मंच साझा कर चुके हैं। आज जब वे दिग्विजय सिंह से मिलने आए तो किसी को कोई आश्चर्य नहीं हुआ अलबत्ता कांग्रेसी खुश अवश्य हो गए। हालांकि अभी कांग्रेस ज्वाइन करने को लेकर अब भी उन्होंने स्थिति स्पष्ट नहीं की है।

CATEGORIES
Share This
error: Content is protected !!