मध्यप्रदेश के कुछ संभागों में वर्षा के आसार, शेष में तपायेगी गर्मी

इटारसी। अगले चौबीस घंटे में मध्यप्रदेश के कुछ जिलों में ही वर्षा, वज्रपात या गरज के साथ बौछारों की संभावना है, शेष मध्यप्रदेश में मौसम शुष्क ही रहेगा। मध्यप्रदेश में तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज हो रही है, रात का तापमान भी बढऩे लगा है और गर्मी के कारण अब पंखों की जरूरत महसूस होने लगी है।

बीते चौबीस घंटे में मध्यप्रदेश में नर्मदापुरम सबसे गर्म रहा। सर्वाधिक अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस नर्मदापुरम में दर्ज किया गया। इसी तरह से प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस धार में दर्ज किया। आगामी चौबीस घंटों में जबलपुर, सागर, रीवा एवं शहडोल संभागों के जिलों में तथा बैतूल, सीधी, सिगरौली जिलों में वर्षा या गरज चमक के साथ बौछारें पडऩे और गरज के साथ वज्रपात की संभावना है। आगामी 28 एवं 29 मार्च को भी मौसम में खास बदलाव के आसार नहीं हैं।

पिछले चौबीस घंटे के दौरान शहडोल और जबलपुर संभागों के जिलों में कहीं-कहीं वर्षा दर्ज की गई तथा शेष संभागों के जिलों में मौसम शुष्क रहा। अधिकतम तापमान सभी संभागों के जिलों में विशेष परिवर्तन नहीं हुआ। उज्जैन, इंदौर एवं जबलपुर के जिलों में सामान्य से कम तथा शेष संभागों के जिलों में सामान्य रहे। न्यूनतम तापमानों में शहडोल संभाग के जिलों में काफी बढ़े एवं शेष संभागों के जिलों में विशेष परिवर्तन नहीं हुआ। रीवा एवं शहडोल संभाग के जिलों में सामान्य से काफी अधिक, इंदैर संभाग के जिलों में सामान्य से कम तथा शेष संभागों के जिलों में सामान्य रहे।

CATEGORIES
Share This

AUTHORRohit

error: Content is protected !!