इटारसी। शनिवार सुबह धाईसोठियां निवासी एक युवक को उसके परिजन सांस की बीमारी के कारण अचानक बिगड़ी तबीयत का उपचार कराने शासकीय अस्पताल में लाये। यहां डॉक्टरों ने उसे उपचार के दौरान भर्ती किया लेकिन आधा घंटे बाद ही उसकी मौत हो गयी।
पुलिस के अनुसार मूलत: उत्तर प्रदेश एवं वर्तमान में धाई सोठियां निवासी बिरजू पिता रामरतन प्रजापति उम्र लगभग 40 वर्ष की रात में 3 बजे सांस की बीमारी के चलते अचानक तबीयत खऱाब होने लगी। बिरजू का साला और साड़ूभाई सुबह 7 बजे उसे सिविल अस्पताल में उपचार के लिए लेकर आये, परंतु इलाज होने के आधा घंटे बाद उसकी मौत हो गयी। परिजनों के अनुसार लंबे समय से ईंट भट्टे पर काम करने से उसे सांस की बीमारी थी। अस्पताल स्टाफ द्वारा पुलिस को सूचना देने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया परंतु उत्तरप्रदेश निवासी पत्नी और बच्चों ने उनके यहां आने के उपरांत ही पोस्टमार्टम कराने की बात कही जिसके कारण रविवार को शव का पोस्टमार्टम किया जायेगा। बिरजू धाईसोठियां में अपनी ससुराल में रहता है एवं सभी लोग ईंट भट्टे पर मजदूरी का काम करते हैं।