बापू की शहादत को याद करेगा इटारसी परिवार

इटारसी। 30 जनवरी को नगर के लोग शाम 5:17 बजे जयस्तंभ चौक पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके बलिदान को याद करेंगे। इस मौके पर प्रदेश के सुप्रसिद्ध गायक शरद दीक्षित एवं उनके साथियों द्वारा गांधी जी के भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी। श्रद्धांजलि सभा का आयोजन इटारसी परिवार ने किया है। इसमें सामाजिक कार्यकर्ता, पत्रकार, बुद्धिजीवी नागरिक सम्मिलित हैं।
अधिवक्ता हिमांशु मिश्रा ने कहा कि 71 वर्ष पूर्व 30 जनवरी 1948 के दिन, शाम 5:17 बजे जब गांधी जी दिल्ली में सांध्य कालीन सर्व धर्म प्रार्थना सभा में सम्मिलित होने जा रहे थे, तब गोली मारकर उनकी हत्या कर दी गई थी। गांधी जी एक ऐसे व्यक्ति थे, जिन्होंने जीवन भर सभी धर्मों के बीच एकता सद्भाव और सह अस्तित्व के लिए प्रयास किया था। आज गांधी जी के सिद्धांतों और नैतिक मूल्यों की पुनस्र्थापना की जरूरत को शिद्दत से महसूस किया जा रहा है। पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष अशोक जैन ने कहा कि इटारसी परिवार ने सभी धर्मनिरपेक्ष और लोकतंत्र में विश्वास रखने वाले राजनीतिक लोगों सामाजिक संगठनों संस्थाओं और नागरिकों का आह्वान किया है, कि वे इस मौके पर उपस्थित होकर महात्मा गांधी की शहादत को याद करें और शांति सद्भाव के मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रकट करते हुए इन मूल्यों की पुनस्र्थापना के लिए संकल्प लें। जिन मूल्यों के लिए गांधी जी डट कर खड़े रहे।

गांधी विचार मंच का श्रद्धांजलि कार्यक्रम
महात्मा गांधी के बलिदान दिवस 30 जनवरी दिन बुधवार को, महात्मा गांधी विचार मंच श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित करने जा रहा है। कार्यक्रम के तहत प्रात: 10 बजे स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संघ, वरिष्ठ नागरिक मंच, अन्य सामाजिक संगठन एवं गांधीवादी विचारधारा के लोग, गांधी स्टेडियम स्थित गांधी प्रतिमा के समक्ष एकत्र होंगे। संगीत साधक शरद दीक्षित के ग्रुप द्वारा महात्मा गांधी के प्रिय भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी एवं प्रात: 11 बजे 2 मिनट का मौन रख, गांधी जी सहित देश के अनाम शहीदों की शहादत को याद कर, उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। पूर्व में यह कार्यक्रम प्रात: 9 बजे से प्रारंभ किया जाना था, लेकिन भीषण ठंड के चलते कार्यक्रम में संशोधन किया गया है। यह जानकारी गांधी विचार मंच के संरक्षक डॉ केएस उप्पल एवं राजकुमार दुबे ने दी।

CATEGORIES
Share This
error: Content is protected !!