आधी आबादी को पूरा हक दिलाने है शक्ति अभियान : स्पर्श चौधरी

आधी आबादी को पूरा हक दिलाने है शक्ति अभियान : स्पर्श चौधरी

इटारसी। महिलाओं की आधी आबादी को पूरा हक दिलाने शक्ति अभियान अंतर्गत आज यहां एक पत्रकार वार्ता में इंदिरा फैलो कुमारी स्पर्श चौधरी ने कहा कि उनका यह अभियान राष्ट्रीय युवक कांग्रेस का कार्यक्रम है, लेकिन इसमें 80 फीसद से अधिक गैर कांग्रेसियों का जुड़ाव है। इसे राजनीति अभियान मानने से उन्होंने इनकार नहीं किया। उन्होंने भाजपा शासित राज्यों में महिलाओं के विरुद्ध हुए अत्याचारों को उठाया और कहा कि महिलाओं को न्याय मिले, यही अभियान का उद्देश्य है।

एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि महिलाओं पर अत्याचार कहीं भी हो, उसे पूरी ताकत से उठाया जाना चाहिए। हालांकि केवल भाजपा शासित राज्यों की घटनाओं को फोकस करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि जो सत्ता में है, उसी से तो उम्मीद की जाएगी। उन्होंने इस बात से भी इनकार नहीं किया कि उनका यह अभियान लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को सपोर्ट करेगा। उनका कहना है कि उनको प्रोग्राम मिला है, वे इसे पूरा कर रही हैं। उन्होंने महिलाओं को आर्थिक तौर पर मजबूती प्रदान करने की वकालत करते हुए कुछ ऐसी महिलाओं को साथ लिया जो स्वसहायता समूह या स्वयं के बूते कुछ लघु या कुटीर उद्योग के माध्यम से काम कर आजीविका चला रही हैं।

उन्होंने बताया कि वे पहले भी कौशल विकास मंत्रालय के माध्यम से कटनी जिला प्रशासन के साथ कार्य कर चुकी हैं। उन्होंने पत्रकार वार्ता में महिला कुश्ती खिलाडिय़ों पर हुए यौन शोषण, मणिपुर में महिलाओं को निर्वंस्त्र करके घुमाने और रेप जैसी घटनाओं को भी उठाया। महिलाओं को समाज की मुख्य धारा से जोडऩे और स्वरोजगार से प्रेरित करने के लिए वे शहर में महिलाओं के समूह भी बना रही हैं। उन्होंने पत्रकार वार्ता में अपने किये गये कार्य एवं भविष्य में किए जाने वाले चरणबद्ध कार्यक्रमों की जानकारी भी दी। स्पर्श चौधरी ने उच्च शिक्षा आईआईटी मुंबई से प्राप्त की है। उन्होंने आईआईएम अहमदाबाद से पब्लिक पॉलिसी और मैनेजमेंट में 2 वर्ष का कोर्स भी किया है। स्पर्श चौधरी का एक काव्य संग्रह ‘अरि ओ जिंदगी’ प्रकाशित हो चुका है।

Royal
CATEGORIES
Share This

AUTHORRohit

error: Content is protected !!