लोकतंत्र का महापर्व : बढ़-चढ़कर निभाई अपनी जिम्मेदारी

होशंगाबाद। लोकतंत्र के महात्योहार लोकसभा निर्वाचन 2019 में भाग लेने के लिए सभी वर्गों के मतदाताओं में भारी उत्साह दिखाई पड़ा। मतदान के निर्धारित समय प्रात: 7 बजे से पहले ही मतदान केन्द्रों के बाहर मतदाताओं की कतारें लगनी प्रारंभ हो गई थी। सभी मतदाताओं ने कतार में लगकर शांति पूर्वक अपनी बारी का इंतजार किया। जहां एक ओर पहली बार अपना वोट दे रहे युवा मतदाता उत्साहित दिखे वहीं अपनी उम्र को चुनौती देते हुए बुजुर्ग मतदाताओं ने भी अपने सहायक के साथ मतदान केन्द्र पहुंचकर मतदान किया। होशंगाबाद संसदीय क्षेत्र में कुल 72 प्रतिशत मतदान हुआ है।
इटारसी में शांतिपूर्ण मतदान
इटारसी शहर और आसपास के ग्रामीण अंचलों में शांतिपूर्ण मतदान की खबरें हैंं। सुबह निर्धारित समय से शहर के लगभग सभी मतदान केन्द्रों पर वोटिंग प्रारंभ हो गयी थी। सुबह से दोपहर 1 बजे तक तेजी से मतदान चला। लेकिन, 1 से चार बजे के बीच मतदान की गति कुछ कम हुई। शाम को शेष दो घंटे में भी मतदाताओं ने धूप का तीखापन कम होने पर मतदान किया। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक डॉ.सीतासरन शर्मा ने आठवी लाइन में मतदान केन्द्र क्रमांक 228 पर अपनी पत्नी कल्पना शर्मा के साथ मतदान किया जो व्हील चेयर पर मतदान करने पहुंचीं थी। मीडिया से चर्चा में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ.सीतासरन शर्मा ने कहा कि नए भारत के निर्माण के लिए और जो पिछले बीस-पच्चीस वर्ष से देश में आतंक और भय का वातावरण बन गया था उसे मिटाने, विकास की नयी गाथा लिखने के लिए मतदान जरूरी है। इस बार उन्होंने 27 सीटें जीतने का दावा किया। उन्होंने कहा कि विधानसभा में कुछ ग्रामीण क्षेत्र हमारे खिलाफ गए थे, वे इस बार साथ आए हैं। इसके पीछे प्रदेश सरकार की नाकामी बतायी। उन्होंने कहा कि नौजवानों का साथ मोदी जी को मिलेगा।
it60519 5
सरताज सिंह ने भी डाला वोट
शिवराज सिंह सरकार में मंत्री रहे और वर्तमान में कांग्रेस नेता सरताज सिंह ने सूरजगंज स्थित शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला के मतदान केन्द्र पर अपना वोट डाला। उनकी पत्नी श्रीमती गुरमीत कौर ने भी मतदान किया। वे बाकायदा लाइन में लगे और अपना नंबर आने पर मतदान किया। मतदान के बाद मीडिया से चर्चा में उन्होंने जीत के आंकड़े बताने से यह कहकर इनकार कर दिया कि अभी इस पर पाबंदी है।
कन्या शाला में बने चार मतदान केन्द्र में पोलिंग पार्टी को भोजन की आपूर्ति के लिए स्वसहायता समूहों की महिला ने छोटे-छोटे बच्चों से खाने के पैकेट और पातल-दोनों वितरित कराये। लोकतंत्र के महापर्व पर भोजन का आनंद भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने कई जगह सामूहिक रूप से किया। नाला मोहल्ला में मुख्य मार्ग पर पेड़ के नीचे दोनों दलों के लोगों ने भोजन किया। लोकतंत्र के इस पर्व पर सामान्यजनों के साथ ही दिव्यांगजनों ने भी बड़ी संख्या में मतदान किया। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला में प्रतीक्षा ताम्रकार नामक 18 वर्षीय दिव्यांग ने खुशी-खुशी मतदान किया। इस युवती का आधा भाग पोलियोग्रस्त है और बोलने में भी दिक्कत है। प्रतीक्षा ने कहा कि मैंने भी मतदान किया है।
पर्ची से बनी गफलत की स्थिति
इस बार कई महिला मतदाता केवल मतदाता पर्ची लेकर मतदान केन्द्रों पर पहुंचीं थी। जब उनसे पहचान पत्र के तौर पर मांगे दस्तावेज दिखाने को कहा तो वे साथ नहीं लायी थीं। ऐसी कई महिला मतदाता वापस गयीं तो फिर दोबारा नहीं लौटीं। हालांकि इस बार मतदाता पर्ची पर ही स्पष्ट निर्देश थे कि बारह दस्तावेज साथ लाने हैं। लेकिन अधिकांश मतदाता बिना पहचान पत्र लिए पहुंचे थे।
दिव्यांग एवं बुजुर्ग मतदाताओं के लिए विशेष सुविधाएं
जिले के सभी मतदान केन्द्रों पर भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार दिव्यांग एवं बुजुर्ग मतदाताओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थी। सभी मतदान केन्द्रों पर बुजुर्गो एवं दिव्यांगों के लिए आवश्यकतानुसार घर से लाने एवं वापस घर छोडऩे के के लिए वाहन की सुविधा मुहैया कराई गई थी। सभी मतदान केन्द्रों पर नियुक्त दिव्यांग साथियों ने ससम्मान मतदाताओं को व्हील चेयर पर बैठाकर मतदान कराया।
शिशुघर से मतदान करने में हुई आसानी
आयोग के निर्देशानुसार जिले के सभी मतदान केन्द्रों पर शिशुघर बनाए थे जहां आंगनबाड़ी सहायिकाओं को बच्चों का ख्याल रखने के लिए नियुक्त किया था। मतदान के लिए बच्चों को लेकर आने वाली महिलाओं को शिशुघर से मतदान करने में सुविधा हुई। वे अपने बच्चों को शिशुघर में छोड़कर निश्चत होकर मतदान कर पाई।
महिलाओं ने संभाली मतदान केन्द्रों की कमान
होशंगाबाद की महिलाओं ने जहाँ पूरे उत्साह के साथ मतदान किया वहीं वे मतदान संपन्न कराने में भी पीछे नहीं रही। जिले की चारों विधानसभाओं में 20-20 अर्थात कुल 80 मतदान केन्द्र महिलाओं द्वारा संचालित किये गये। इसके अलावा सिवनीमालवा में 18, होशंगाबाद मे 174, सोहागपुर में 29 एवं पिपरिया में 65 मतदान केन्द्रों में महिला-पुरूष मिश्रित मतदान दल तैनात रहे।
शादी के बावजूद बड़ी संख्या में दूल्हा-दुल्हन पहुंचे वोट डालने
शादियों का मुहुर्त होने के कारण जिले में 6 एवं 7 मई को बड़ी संख्या में शादियाँ होनी है। शादी की व्यस्तताओं के बीच समय निकालकर ऐसे नव युवाओं ने मतदान केन्द्र पहुँचकर अपना वोट डाला। इनमें किसी दूल्हे ने बारात निकलने से पहले मतदान केन्द्र पहुँचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया तो किसी दुल्हन ने शादी का जोड़ा पहने मतदान केन्द्र पहुँचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। होशंगाबाद के इन जागरूक मतदाताओं ने लोकतंत्र के इस महात्यौहार में सबके सामने एक मिसाल पेश की।
पुत्र की मृत्यु का शोक भी नहीं रोक पाया
जीवन की व्यस्तताओं और अन्य कामों का हवाला देकर मतदान के लिए न जाने वालो के लिए होशंगाबाद जिले के श्री किशन पिता मुंशीलाल एक मिसाल है। किशन होशंगाबाद विकासखंड एवं सिवनीमालवा विधानसभा के ग्राम आमुपुरा के निवासी है। 5 मई को उनके पुत्र राकेश की मृत्यु हो गई थी। अत्यंत शोक की इस घड़ी में भी किशन ने देश के प्रति अपने फर्ज को समझा और 6 मई को मतदान केन्द्र पहुँचकर मतदान किया। किशन जैसे जागरूक मतदाता लोकतंत्र के सच्चे प्रहरी हैं।
दुल्हन ललिता पहुंची मतदान करने
लोकतंत्र के इस महात्यौहार में सभी मतदाताओं द्वारा अलग-अलग रंग बिखेरे जा रहे हैं। सिवनीमालवा के ग्राम खेड़ी में जब दुल्हन बनी ललिता गौर परिवार संग वोट डालने पहुंची। ललिता का मानना है कि वोट देना लोकतंत्र की मजबूती के लिए आवश्यक है। इसलिए विवाह से पहले मतदान केन्द्र पहुंचकर उन्होंने फर्ज निभाया।
बारात लेकर जाने से पहले मतदान
आजाद वार्ड पिपरिया के अभिषेक पुरोहित का विवाह 6 मई को जबलपुर निवासी सोनाली पांडे से संपन्न होना है। विवाह के लिए बारात लेकर जबलपुर रवाना होने से पूर्व शादी की तमाम भागदौड़ के बीच अभिषेक दूल्हा बनकर पहले मतदान केन्द्र पर पहुंचे। उन्होंने सपरिवार वोट डालकर लोकतंत्र के प्रति अपना कर्तव्य निभाया। इसके बाद वे बारात लेकर अपनी दुल्हन को विदा कराने जबलपुर के लिए रवाना हुए।
एम्बुलेस से पहुँची वोट डालने
होशंगाबाद जिले की पिपरिया विधानसभा अंतर्गत आने वाले प्रसिद्ध हिल स्टेशन पचमढ़ी निवासी याचिका अहिरवार ने लोकतंत्र के प्रति अपना कर्तव्य निभाकर एक नई मिसाल पेश की है। 21 वर्षीय याचिका जन्म से ही शत प्रतिशत दिव्यांग है। वे चलने फिरने में पूरी तरह असमर्थ है। इसके बावजूद देश के प्रति अपना कर्तव्य निभाने का उनका जज्बा अनुकरणीय है। ऐसी विषम परिस्थितियों में भी याचिका अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहती थी। याचिका को जिला प्रशासन द्वारा एम्बुलेंस मुहैया कराई गई जिसके माध्यम से वे मतदान केन्द्र पहुंची और दिव्यांग साथियों एवं अपने परिजनों के सहयोग से मतदान किया।
it60519 8
गर्भावस्था में गायत्री पहुंची वोट डालने
मेरा वोट मेरा अधिकार ये कहना है इटारसी निवासी गायत्री ढबाके का। जहाँ एक ओर लोग व्यस्तताओं का बहाना बनाकर मतदान करने नहीं जाते हैं, वहीं अपने अधिकारो के प्रति जागरूक गायत्री गर्भावस्था के नवें महीने में वोट डालने पहुँची। गायत्री ने पति तरूण के साथ इटारसी के मतदान केन्द्र क्रमांक 153 में जाकर मतदान किया। गायत्री का मानना है कि मतदान करना हमारा अधिकार होने के साथ-साथ सबसे महत्वपूर्ण कर्तव्य भी है। इसलिए हम सभी को मतदान अवश्यक करना चाहिए।
वोट करिये अच्छा लगता है
लोकतंत्र के महापर्व में पहली बार मतदान कर रहे मतदाताओं की खुशी देखते ही बन रही है। मतदान कर नव मतदाता नई जिम्मेदारी का अनुभव कर रहे हैं। होशंगाबाद की श्रव्या गोखले ने कोठी बाजार स्थित मतदान केन्द्र में वोट कर पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग किया। श्रव्या का कहना है कि पहली बार मतदान कर वे अत्यंत खुश है। उनका सभी मतदाताओं के लिए एक ही संदेश है मतदान करिये अच्छा लगता है।
तीन पीढिय़ों ने एक साथ किया मतदान
लोकतंत्र के महापर्व लोकसभा निर्वाचन 2019 में एक परिवार ऐसा भी है जिसकी तीन पीढिय़ो ने एक साथ मतदान कर एक नया उदाहरण पेश किया। होशंगाबाद के अरोरा परिवार में जुगिन्दर कौर उम्र 90 वर्ष ने अपने पुत्र सुरेन्द्र सिंह अरोरा उम्र 62 वर्ष, पुत्रवधू नरेन्द्र कौर उम्र 58 वर्ष एवं अपने पोते मनमीत सिंह उम्र 30 वर्ष के साथ मतदान किया। अरोरा परिवार ने कोठीबाजार में स्थित मतदान केन्द्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
it60519 2
कई दिनों से था इंतजार
लोकतंत्र के महापर्व लोकसभा निर्वाचन 2019 में होशंगाबाद निवासी 22 वर्षीय पूजा साहू ने सतपुड़ा टाइगर रिजर्व कार्यालय होशंगाबाद स्थित मतदान केन्द्र में अपने मताधिकार का प्रयोग किया। पूजा ने पहली बार लोकसभा निर्वाचन में वोट डाला है। उन्हें कई दिनों से मतदान दिवस का इंतजार था। पूजा का कहना है कि हमें अच्छी सरकार चुनने के लिए मतदान अवश्य करना चाहिए। पूजा जैसे जागरूक युवा मतदाता लोकतंत्र को मजबूती प्रदान करते हैं।
it60519 1
पस्त नहीं हुआ चंद्रकांता तिवारी का हौसला
भीषण गर्मी में जहां युवा भी घर से बाहर निकलने से परहेज करते हैं, वहीं कोठीबाजार होशंगाबाद निवासी चंद्रकांता तिवारी ऐसी महिला हैं जिनके मतदान करने के हौंसले को उम्र और मौसम दोनों पस्त नहीं कर पाए। 99 वर्षीय श्रीमती तिवारी ने अपने पुत्र और पुत्रवधू के साथ मतदान केन्द्र पहुंचकर मतदान किया। मतदान केन्द्र पर उन्हें व्हील चेयर प्रदान की गई। दिव्यांग साथियों ने उन्हें ससम्मान मतदान कक्ष के अंदर ले जाकर मतदान कराया। उनके पुत्र सुबोध तिवारी ने प्रशासनिक व्यवस्थाओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि मतदान केन्द्र पर की गई समुचित व्यवस्था के कारण वे परिवार सहित बिना किसी कठिनाई के मतदान कर पाए।

CATEGORIES
Share This
error: Content is protected !!