रविवार, सितम्बर 8, 2024

LATEST NEWS

Train Info

कल बस से सफर करने से पहले जान लें ये जरूरी खबर

इटारसी। यदि आप रविवार को बस से सफर करने का सोच रहे हैं तो पहले यह खबर जान लें, क्योंकि हो सकता है कि आपको बस स्टैंड पर बसों का इंतजार करना पड़े और यह भी हो सकता है कि आपको निराशा हाथ लगे। यदि बस से सफर करने का विचार बदल लें तो ही आप परेशानी से बच सकते हैं।

दरअसल मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान कल रविवार को भोपाल में राज्य स्तरीय कार्यक्रम में लाडली बहना योजना को विधिवत लांच करेंगे। जिले से महिलाओं को कार्यक्रम में भेजने के लिए बसों का अधिग्रहण किया जा रहा है। कार्यक्रम में भोपाल के अलावा निकटवर्ती जिलों की महिलाएं भी शामिल होंगी। राज्य स्तरीय कार्यक्रम में महिलाओं को भेजने के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग की तैयारियां जोरों पर है।

नर्मदापुरम जिले से करीब पांच हजार महिलाओं को भोपाल भेजने के लिए बसों का अधिग्रहण किया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार पूरे जिले से करीब सवा सौ बसों का अधिग्रहण किया जाएगा। केसला ब्लॉक और इटारसी से करीब साढ़े पांच सौ महिलाओं को ले जाने का लक्ष्य है, जबकि संपूर्ण जिले से पांच हजार महिलाओं को ले जाने के लिए विभाग तैयारी कर रहा है।
परिवहन विभाग बसों का अधिग्रहण करके महिला एवं बाल विकास विभाग को देगा और विभिन्न तहसीलों से महिलाएं इन बसों में भोपाल के लिए रवाना की जाएंगी। विभागीय सूत्रों के अनुसार इन बसों में स्वसहायता समूहों की महिलाएं, सामान्य कार्यकर्ता, हितग्राही महिलाएं, महिला जनप्रतिनिधि भोपाल जाएंगी।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री चौहान ने कल ही निवास कार्यालय समत्व भवन में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के लांच की तैयारियों संबंधी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से महिला-बाल विकास विभाग, समस्त कमिश्नर्स, कलेक्टर्स, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत, आयुक्त नगर पालिका निगम एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की है।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना बहुआयामी और एक मिशन है। ग्रामीण और शहरी क्षेत्र की सामान्य वर्ग की गरीब बहनों के साथ ही अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग की बहनों को न्याय देने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि महिलाएं अब इस योजना से आर्थिक उन्नयन प्राप्त कर परिवार के स्तर पर महत्वपूर्ण निर्णय लेने की प्रक्रिया में प्रभावी होंगी। योजना से गरीब वर्ग की महिलाएं प्रतिमाह 1000 रुपए प्राप्त करेंगी। योजना के लिए पात्रता संबंधी जिला स्तर तक पूरा विवरण भेजा गया है।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

MP Tourism

error: Content is protected !!

Jansampark MP News